33.1 C
Jabalpur
June 16, 2026
सी टाइम्स
बॉलीवुडमनोरंजन

अनुच्छेद 370 हटने के बाद श्रीनगर में सिनेमा की सुरक्षा और संभावनाओं पर बोले इमरान हाशमी

Emraan Hashmi  –  अभिनेता इमरान हाशमी ने अनुच्छेद 370 हटने के बाद श्रीनगर में आए सकारात्मक बदलावों को लेकर अपने विचार साझा किए हैं।

श्रीनगर में फिल्म की शूटिंग के अनुभवों पर खुलकर बात करते हुए इमरान ने बताया कि अब शहर में सुरक्षा बेहतर हुई है और सिनेमा के लिए नई संभावनाएं जन्म ले रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों के हटने के बाद फिल्म निर्माता अब वहां शूटिंग को लेकर पहले से कहीं अधिक आत्मविश्वास महसूस कर रहे हैं, क्योंकि इलाका अब धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहा है।

इमरान ने एक खास मौके का ज़िक्र करते हुए बताया कि उनकी फिल्म ‘ग्राउंड ज़ीरो’ की पहली स्क्रीनिंग बीएसएफ जवानों के लिए रखी गई है, जो इस क्षेत्र में फिर से जुड़ाव और सामान्य स्थिति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इमरान ने आईएएनएस से कहा, “अब लोग पहले की तरह डरे हुए नहीं हैं। घटनाओं की संख्या में भारी कमी आई है और हालात काफी बेहतर हो चुके हैं।” उन्होंने बीएसएफ के जवानों से बातचीत के दौरान बताया कि क्षेत्र में अब नई सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू हैं, जिससे वहाँ काफी हद तक सुरक्षित माहौल बना है। “जब हम ग्राउंड ज़ीरो की शूटिंग कर रहे थे, तब हमें इलाके में बढ़ती सामान्य स्थिति का एहसास हुआ। साथ ही पर्यटकों की रुचि भी बढ़ रही है।”

‘मर्डर’ फेम अभिनेता ने यह भी खुलासा किया कि 18 तारीख को लगभग 38 वर्षों के बाद पहली बार बीएसएफ जवानों और अधिकारियों के लिए ‘ग्राउंड ज़ीरो’ की एक विशेष स्क्रीनिंग रखी गई है। इसका उद्देश्य न केवल सैनिकों के समर्पण को सम्मान देना है, बल्कि इस क्षेत्र में सामान्य जीवन को फिर से स्थापित करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाना भी है।

उन्होंने कहा, “हम 18 अप्रैल को एक और ऐतिहासिक पहल कर रहे हैं — लगभग 38 वर्षों बाद बीएसएफ जवानों और अधिकारियों के लिए ‘ग्राउंड ज़ीरो’ की एक खास स्क्रीनिंग होगी। हम पूरी फिल्म अपने जवानों को दिखाएंगे। हमारा मानना है कि इससे जनता में भी सामान्य स्थिति की भावना मजबूत होगी। श्रीनगर में पहले भी कई फिल्में शूट हुई हैं, लेकिन अब अगला कदम यह है कि हम वहां और भी स्क्रीनिंग्स आयोजित करें। साथ ही, हमें स्थानीय दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में फिल्मों को रिलीज़ करना चाहिए ताकि सिनेमा फिर से रोज़मर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन सके।”

आपकी जानकारी के लिए बता दें, अनुच्छेद 370 भारतीय संविधान का एक विशेष प्रावधान था, जो जम्मू-कश्मीर को विशेष स्वायत्तता प्रदान करता था। 5 अगस्त 2019 को भारत सरकार ने इस अनुच्छेद को हटाकर जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त कर दिया और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों—जम्मू-कश्मीर और लद्दाख—में विभाजित कर दिया।

इस ऐतिहासिक फैसले के बाद श्रीनगर में सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव, निवेश में वृद्धि और जनजीवन को सामान्य बनाने की दिशा में कई प्रयास किए गए हैं।

‘ग्राउंड ज़ीरो’ फिल्म में इमरान हाशमी बीएसएफ कमांडेंट नरेंद्र नाथ धर दुबे की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने कुख्यात आतंकी ग़ाज़ी बाबा को खत्म करने वाले ऑपरेशन की अगुवाई की थी। इस मिशन को बीएसएफ के पिछले 50 वर्षों के सबसे सफल ऑपरेशनों में से एक माना गया है।

तेजस देवास्कर द्वारा निर्देशित यह एक्शन थ्रिलर फिल्म 25 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।

अन्य ख़बरें

खुद को चुनने में कभी देर नहीं होती, मनीषा कोइराला ने थाईलैंड ट्रिप की तस्वीरों के साथ दी नई शुरुआत की सीख

Newsdesk

कभी फिल्म इंडस्ट्री छोडऩा चाहती थीं निवेथा पेथुराज, ‘सिंग गीतमÓ बना करियर का टर्निंग पॉइंट

Newsdesk

फौजी रिलीज डेट अपडेट: प्रभास की मोस्ट अवेटेड फिल्म दिसंबर 2026 में हो सकती है

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading