जबलपुर। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के सभी 16 संभागों में विशेष जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि 18 जून तक चलने वाले इन शिविरों में अब तक 3 हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि शिविरों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, मुख्यमंत्री संबल योजना, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल योजना तथा राशन पात्रता पर्ची जारी करने एवं संशोधन सहित विभिन्न योजनाओं के आवेदन और निराकरण किए जा रहे हैं। साथ ही ई-केवाईसी, दस्तावेज अपडेट और ऑन-द-स्पॉट पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के साथ सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त एवं संभागीय अधिकारी शिविरों की निगरानी कर रहे हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक हितग्राही की समस्या का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम संभाग कार्यालय में पहुंचकर शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


