September 14, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

सब मारे जाएंगे, मेरे बैग में बम है….रनवे पर दौड़ रहे विमान में चिल्लाया यात्री, वापस लौटी फ्लाइट

Lal bahadur shastri antarrashtriya airport – लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर एयरपोर्ट) से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान में शनिवार रात बम होने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। यह सूचना किसी फोन कॉल या मेल से नहीं, बल्कि विमान के अंदर सवार एक यात्री द्वारा जोर से चिल्लाकर दी गई। यात्री ने कहा, मेरे बैग में बम है, तुम सब मारे जाओगे। तत्काल अलर्ट जारी किया गया और विमान को वापस एप्रन में लाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया।
इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6ई 499 अपने निर्धारित समय रात 09:55 बजे से लगभग आधे घंटे की देरी से उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर बढ़ रही थी। तभी विमान में सवार कनाडा का एक नागरिक, जिसकी पहचान योहानाथन निशिकांत के रूप में हुई, अपनी सीट से उठकर आगे की सीट पर जाकर बैठ गया। क्रू मेंबर ने जब उसे वापस अपनी सीट पर जाने को कहा तो वह अचानक भड़क गया। उसने जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहा, मेरे बैग में बम है, तुम सब मरोगे। इसके साथ ही वह ‘जय श्री रामÓ और अन्य नारे लगाने लगा।
यात्री के इस व्यवहार और चिल्लाने से पूरे विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स में दहशत फैल गई। क्रू ने फौरन इसकी सूचना पायलट को दी। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क साधा और तत्काल विमान को वापस एप्रन की ओर मोड़ दिया। एटीसी के निर्देश पर विमान को आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया और सभी 180 यात्रियों को विमान से नीचे उतार दिया गया।
बम की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद सभी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड के साथ सुरक्षाकर्मियों ने विमान की गहनता से तलाशी शुरू की। रातभर चले इस तलाशी अभियान में करीब पांच घंटे लगे, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
इस पूरी घटना के दौरान यात्री टर्मिनल बिल्डिंग में भयभीत, भूखे-प्यासे और परेशान होकर बैठे रहे। बम की धमकी देने वाले कनाडाई यात्री योहानाथन निशिकांत को सुबह करीब 5 बजे फुलपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। गहन तलाशी और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद, सुबह 7:35 बजे बाकी यात्रियों को वापस विमान में बिठाया गया और विमान बेंगलुरु के लिए रवाना हो सका।
बताया जाता है कि कनाडाई यात्री योहानाथन निशिकांत दो दिन पहले ही काशी में दर्शन-पूजन के लिए आए थे और शनिवार रात को वाराणसी से बेंगलुरु और फिर वहां से कनाडा के लिए रवाना होने वाले थे। फुलपुर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि यात्री के खिलाफ बम की अफवाह फैलाने और विमान के अंदर दुर्व्यवहार करने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।

अन्य ख़बरें

ट्रैक्टर ट्रायल के बहाने वाहन ले गया मिस्त्री, बैटरी-ऑयल और 35 लीटर डीजल गायब; पाटन थाने में मामला दर्ज

Newsdesk

आवास फाइनेंस कराने के नाम पर 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, विजयनगर थाने में मामला दर्ज

Newsdesk

WhatsApp पर आया लिंक खोला, शिक्षक के बैंक खाते से 64 हजार रुपये गायब, ग्वारीघाट थाने में मामला दर्ज

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading