23.5 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

भविष्य में किसी भी आतंकी घटना को भारत के खिलाफ युद्ध माना जाएगा : सूत्र

नई दिल्ली, 10 मई। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ जारी लड़ाई को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि भविष्य में कोई भी आतंकी घटना भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई मानी जाएगी। भारत सरकार के शीर्ष सूत्र ने शनिवार को यह जानकारी दी। भारत सरकार के शीर्ष सूत्र के मुताबिक, भारत ने निर्णय लिया है कि भविष्य में किसी भी आतंकी कार्रवाई को भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा और उसी के अंदाज में जवाब भी दिया जाएगा।

भारत सरकार ने यह फैसला ऐसे वक्त में लिया है, जब हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया गया था। इस ऑपरेशन में करीब 100 आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी। इससे पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में मारे गए पाकिस्तान के टॉप-5 आतंकवादियों की लिस्ट सामने आई, जिसमें आतंकी मुदस्सर खादियान, भारत के मोस्ट वांटेड आतंकी मसूद अजहर के करीबियों के भी खात्मे की पुष्टि हुई। इसके अलावा, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में हाफिज मुहम्मद जमील, मोहम्मद यूसुफ अजहर, खालिद उर्फ अबू अक्शा और मोहम्मद हसन खान को ढेर किया गया।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। शनिवार को इसी सिलसिले में उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी के साथ बैठक की। माना जा रहा है कि इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले, भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई और सैन्य तैयारियों की पूरी जानकारी दी गई।

इससे पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पाकिस्तान के साथ जारी तनाव पर सैन्य अधिकारियों ने कहा कि उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर और भुज एयरबेस को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, पाकिस्तान ने मिसाइलें दागीं और अस्पताल तथा स्कूल को निशाना बनाया गया। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने एयर फोर्स स्टेशन सिरसा और एयर फोर्स स्टेशन सूरतगढ़ की शनिवार सुबह की फोटो दिखाईं और कहा कि ये सुरक्षित हैं।

अन्य ख़बरें

सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग की सफाई, एसआईआर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों को बताया सामूहिक

Newsdesk

पटाखों के खिलाफ सेलिब्रिटी कैंपेन के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल नहीं होगा: बॉम्बे हाई कोर्ट

Newsdesk

जल, थल व वायुसेना के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading