Navjot Singh Sidhu Return to Kapil Sharma Show‘ – द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के निर्माताओं ने यह घोषणा की है कि शो के तीसरे सीजन में नवजोत सिंह सिद्धू की भव्य वापसी हो रही है। पूर्व क्रिकेटर और मशहूर टीवी शख्सियत नवजोत सिंह सिद्धू ने इस वापसी को “घर लौटने जैसा” बताया है।
शो में वापसी को लेकर नवजोत ने कहा,
“द ग्रेट इंडियन कपिल शो में आना ऐसा लग रहा है जैसे मैं फिर से अपने घर लौट आया हूं। यह मेरे लिए एक होम रन जैसा है। हमने लोगों की आवाज सुनी, अनगिनत प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने हमारी बातचीत को पसंद किया और इसे दोबारा देखना चाहा। मैं बेहद खुश हूं कि नेटफ्लिक्स ने इतने खूबसूरत लोगों को फिर से एक साथ लाकर यह मौका दिया है, और इस सीजन में हम पूरी दुनिया के दर्शकों के लिए फिर से खिलेंगे।”
सिद्धू ने आगे कहा,
“एक मुस्कान की कोई कीमत नहीं होती, लेकिन इसकी अहमियत लाखों डॉलर की होती है, और ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ ईश्वर की ओर से दिया गया एक ऐसा माध्यम है जो इंसानियत के चेहरे पर खुशी लाने का काम करता है। इस शो का हिस्सा बनकर मैं सम्मानित महसूस करता हूं।”
सिद्धू ने अपनी ही खास शायरी के अंदाज़ में कहा:
“गुरु, हमने मिलकर यह आशियाना सजाया है,
गुज़रा ज़माना फिर से लौटकर आया है!
मैं यूं ही नहीं पहुंचा हूं यहां पर दोबारा,
मुझे खींच कर जनता का प्यार लाया है!”
इस सीजन में सिद्धू को एक बार फिर कॉमेडी क्वीन अर्चना पूरन सिंह के पास बैठते हुए देखा जाएगा। नेटफ्लिक्स और कपिल शर्मा ने पहले ही वादा किया था कि ‘हर फनीवार बढ़ेगा हमारा परिवार’।
नवजोत की वापसी पर कपिल शर्मा ने कहा,
“हमने वादा किया था कि हर फनीवार बढ़ेगा हमारा परिवार और मैं बहुत उत्साहित हूं कि सिद्धू पाजी हमारे परिवार का हिस्सा बन रहे हैं, अर्चना जी के साथ मिलकर सब चुटकुलों, शायरियों और मस्ती का आनंद लेने के लिए। माहौल पूरी तरह तैयार है, तो बने रहिए क्योंकि इस सीजन में जोक्स और ठहाके – दोनों हो गए हैं ट्रिपल!”
इस सीजन में सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा भी शो का हिस्सा होंगे।
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का सीजन 3, 21 जून से नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगा।


