इंदौर के मल्हारगंज क्षेत्र में 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की उसके पोते द्वारा कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को बिस्तर के स्टोरेज बॉक्स में छिपा दिया गया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
आरोपी, 28 वर्षीय विकास गौहर, घटना के कुछ घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह राजस्थान भागने की कोशिश कर रहा था।
एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा ने बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात इंदिरानगर के सालवी मोहल्ले में हुई।
मृतका शांति, नगर निगम की सेवानिवृत्त मस्टर रोल कर्मचारी थीं और अपने पोते-पोतियों की परवरिश अपनी पेंशन से कर रही थीं।
आईएएनएस से बातचीत में शर्मा ने कहा, “हमें इंदिरानगर, सालवी मोहल्ले के एक मकान में 65 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालत में ट्रंक में मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाया गया।”
उन्होंने बताया, “मृतका की पहचान शांति धनंजय के रूप में हुई है, जो किशन धनंजय की पत्नी थीं। जांच के दौरान शव बिस्तर में बने स्टोरेज ट्रंक से बरामद किया गया।”
आगे जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि शांति अपने पोते विकास के दो छोटे बच्चों — 7 साल की बेटी और 5 साल के बेटे — की देखभाल कर रही थीं, क्योंकि विकास की पत्नी एक साल पहले उसकी नशे की लत और मारपीट की आदतों के चलते उसे छोड़ कर चली गई थी।
विकास बेरोजगार था और नशे की लत से जूझ रहा था। वह अक्सर अपनी दादी से पैसों की मांग करता था।
घटना की रात करीब 4 बजे विकास ने शांति से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे। जब उन्होंने इनकार कर दिया, तो उसने कथित रूप से घर में ही बच्चों की मौजूदगी में उनका गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद विकास ने शव को बिस्तर के स्टोरेज बॉक्स में छिपा दिया। अगले दिन बुधवार को शांति की बेटी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मां लापता है और विकास टालमटोल कर रहा है।
उसने बताया कि विकास ने उससे थोड़ी बातचीत के बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया और दरवाजा बंद कर लिया।
जब रिश्तेदारों और पुलिस ने विकास से पूछताछ की तो उसने बार-बार बयान बदले, जिससे शक और गहरा गया। पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तो बिस्तर अस्त-व्यस्त पाया गया। स्टोरेज बॉक्स खोलने पर शांति का शव उसमें छिपा मिला।
विकास पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया था, लेकिन एक घंटे के भीतर ही उसे ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि विकास के पिता धनराज गौहर का पहले ही निधन हो चुका था और शांति ही पूरे परिवार को अपनी पेंशन से चला रही थीं।
आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और आगे की जांच जारी है।


