22 नवंबर को होगी फाइनल दौड़, 10 हजार धावकों के शामिल होने की उम्मीद; महापौर ने तैयारियों की समीक्षा की
जबलपुर। संस्कारधानी में स्वास्थ्य, खेल भावना, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देने के उद्देश्य से भारतीय सेना द्वारा नगर निगम के सहयोग से सूर्या हाफ मैराथन आयोजित की जा रही है। मुख्य आयोजन से पहले 1 नवंबर को ट्रायल दौड़ होगी, जिसमें करीब एक हजार धावक हिस्सा लेंगे। दौड़ सुबह 6 बजे राइट टाउन स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम से शुरू होगी।
आयोजन की तैयारियों को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें धावकों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल और यातायात प्रबंधन पर चर्चा कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में भारतीय सेना की ओर से कर्नल सी.एस. मैनी, यातायात विभाग से डीएसपी शुक्ला, नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा और कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
22 नवंबर को होगी मुख्य दौड़
ट्रायल दौड़ के बाद 22 नवंबर को सूर्या हाफ मैराथन का मुख्य आयोजन होगा। इसमें 10 हजार से अधिक धावकों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन के माध्यम से युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता और अनुशासन का संदेश दिया जाएगा।
यह रहेगा ट्रायल दौड़ का मार्ग
दौड़ पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम से शुरू होकर अशोका होटल चौराहा, तीनपत्ती चौराहा, महाराणा प्रताप चौराहा, नौदरा ब्रिज, रसल चौक, जबलपुर हॉस्पिटल, ब्लूम चौक, नवभारत प्रेस, पंकज होटल और गौमाता चौक से होते हुए वापस अशोका होटल के रास्ते स्टेडियम पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।


