राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की शिकायतों पर मौके पर हुई कार्रवाई, शेष आवेदनों के समय-सीमा में समाधान के निर्देश
जबलपुर। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं से संबंधित 38 आवेदन प्राप्त हुए। निगमायुक्त अग्रिम कुमार के निर्देश पर अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी, सौरभ मिश्रा एवं उपायुक्त जनसुनवाई वेद प्रकाश चौधरी ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर निराकरण की कार्रवाई कराई।
जनसुनवाई में राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मामलों का मौके पर ही निराकरण कर नागरिकों को राहत पहुंचाई गई। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागीय प्रमुखों को समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक 12 शिकायतें अतिक्रमण विभाग से संबंधित थीं। इसके अलावा कॉलोनी सेल के 6, भवन शाखा के 5, योजना शाखा के 4 और जल विभाग के 3 आवेदन प्राप्त हुए। लोक निर्माण विभाग, बाजार विभाग, प्रकाश विभाग, पीएम आवास योजना, स्थापना शाखा, कार्यालय अधीक्षक तथा संभाग क्रमांक 10 एवं 14 से संबंधित एक-एक शिकायत दर्ज की गई।
जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने और लंबित मामलों में समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


