सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात सुधार और जाम रोकने के निर्देश
जबलपुर। अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन में लगे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों की भी जांच होगी। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों पर सिग्नल लगाने, लेफ्ट टर्न बाधामुक्त करने, ई-रिक्शा के रूट निर्धारित करने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य कराने पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने डिवाइडरों की रंगाई-पुताई तथा फ्लाईओवर, रेल ओवरब्रिज और सड़कों पर रोड मार्किंग कराने के निर्देश दिए।
शहपुरा ब्रिज और जाम की समस्या पर चर्चा
शहपुरा ब्रिज निर्माण में देरी पर कलेक्टर ने बाधाओं का विवरण तैयार कर भोपाल और दिल्ली स्तर पर समन्वय से निराकरण कराने को कहा। भारी वाहनों को पाटन मार्ग से डायवर्ट किया गया है, जबकि हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित है।
मटर खरीदी के दौरान जाम रोकने के लिए एसपी संपत उपाध्याय ने संकरे मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश नियंत्रित करने, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की व्यवस्था के निर्देश दिए। सिहोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण स्थलों में संकेतक लगाने और यातायात प्रबंधन करने को कहा गया।
बैठक में ब्लैक स्पॉट सुधारने तथा पीएम राहत योजना और हिट एंड रन के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


