November 3, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

जबलपुर – बेलखेड़ा को शासकीय महाविद्यालय की सौगात, रक्षाबंधन पर बहनों को मिलेंगे 250 रुपए अतिरिक्त – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

Jabalpur News। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों की आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह संकल्पित है। वे सोमवार को बेलखेड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 1.27 करोड़ बहनों के खातों में 1,551.44 करोड़ रुपए की जून माह की किश्त एक क्लिक से अंतरित की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को 250 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत करोड़ों की राशि हितग्राहियों को सौंपी।

  • 56.68 लाख पेंशन हितग्राहियों को 341 करोड़ रुपए

  • 27 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 39.14 करोड़ रुपए

  • 6,821 श्रमिक परिवारों को 150 करोड़ रुपए की अनुग्रह सहायता
    साथ ही, 22.44 करोड़ की लागत से बनने वाले 8 विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया गया।

डॉ. यादव ने कहा कि बहनों का आशीर्वाद जीवन को सफल और समाज को सशक्त बनाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न योजनाओं—उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, सुकन्या समृद्धि योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान—का भी उल्लेख किया और कहा कि मध्यप्रदेश सरकार इन्हें और मजबूती से लागू कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के मंच से बेलखेड़ा में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना और शहपुरा में SDO(P) की पदस्थापना की घोषणा की।

आदिवासी परंपरा से हुआ स्वागत, मुख्यमंत्री ने खुद बजाया ढोल

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पारंपरिक गर्मजोशी देखने को मिली। हेलीपैड से सभा स्थल तक आदिवासी लोकनर्तकों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और नृत्य के साथ स्वागत किया। मंच पर मुख्यमंत्री ने स्वयं ढोल बजाकर जनजातीय संस्कृति से जुड़ाव का परिचय दिया। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

जनप्रतिनिधियों ने रखा विकास का खाका

इस अवसर पर बरगी विधायक नीरज सिंह ने मुख्यमंत्री के आगमन को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से बेलखेड़ा को कई बड़ी सौगातें मिली हैं। उन्होंने क्षेत्र की अन्य जरूरतों पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, पूर्व पर्यटन अध्यक्ष विनोद गोटिया, और पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

अन्य ख़बरें

रेल मंडल के शिविर में 135 पेंशनर्स के बने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट

Newsdesk

बिजली कर्मचारियों के लंबित एक्स्ट्रा वेजेस और रात्रि भत्ते का भुगतान जल्द करने की मांग

Newsdesk

अमरकंटक से लौट रही कार में लिफ्ट लेकर आ रहे दो युवक 5 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

Newsdesk

Leave a Comment