Rewa News, 26 जुलाई — मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को रीवा स्थित कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में दो दिवसीय क्षेत्रीय पर्यटन कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विंध्य क्षेत्र की अनछुई पर्यटन संभावनाओं को उजागर करना है।(MP CM Mohan Yadav to inaugurate two-day Regional Tourism Conclave in Rewa)
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव में पर्यटन निवेश को प्रोत्साहित करने, उद्योगों के बीच साझेदारी को मजबूत करने और राज्य के तेजी से बढ़ते पर्यटन क्षेत्र में नए आर्थिक अवसरों को जन्म देने पर फोकस किया जाएगा। यह आयोजन भोपाल में अक्टूबर में प्रस्तावित “मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट” के पूर्व की श्रृंखला का एक हिस्सा है।
कॉन्क्लेव में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, और पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला, जो टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध निदेशक भी हैं, उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेता मुकेश तिवारी और वेब सीरीज ‘पंचायत’ में अपनी भूमिका के लिए जानी जाने वाली अभिनेत्री सान्विका सिंह भी विशेष रूप से शामिल होंगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कॉन्क्लेव के दौरान हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रमुख निवेशकों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री यादव इस अवसर पर कई प्रमुख परियोजनाएं भी लॉन्च करेंगे, जिनमें डिजिटल और आधारभूत ढांचे से जुड़ी पहलकदमियां शामिल हैं। खासतौर पर प्रधानमंत्री पर्यटन एयर सेवा बुकिंग पोर्टल, जिसे आईआरसीटीसी प्लेटफॉर्म के साथ जोड़ा गया है, का उद्घाटन किया जाएगा।
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और मेकमाईट्रिप के बीच पर्यटन प्रचार और पहुंच को बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से सतना जिले के चित्रकूट घाट पर ‘आध्यात्मिक अनुभव परियोजना’ की आधारशिला भी रखेंगे और शहडोल में एक टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर (एफसीआई) का उद्घाटन करेंगे।
शाम 6 बजे शुरू होने वाले इस कॉन्क्लेव में पर्यटन क्षेत्र में निवेश के अवसरों को उजागर करने के लिए विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों, निवेशकों और सरकारी प्रतिनिधियों के बीच संवाद होगा, जिसका उद्देश्य विकास और विपणन की रणनीतियों पर चर्चा करना है।
कार्यक्रम के समापन पर विशेष आमंत्रित अतिथियों और पर्यटन विशेषज्ञों के लिए एक “फैमिकिलराइजेशन टूर (FAM Tour)” आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत उन्हें रीवा और आसपास के पर्यटन स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाएगा।


