23.5 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

रांची के खलारी में खौफनाक वारदात: युवक ने युवती को मारी गोली, फिर खुद को किया शूट

रांची, 26 दिसंबर। रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत केडीएच कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक सनकी युवक ने एक युवती को गोली मारी और इसके बाद अपने घर पहुंचकर खुद को भी गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।

घटना सुबह करीब 8.30 बजे केडीएच कॉलोनी मैदान गेट के पास हुई। मृत युवक की पहचान 33 वर्षीय सुनील केवट उर्फ छोटू के रूप में हुई है। वहीं गोली लगने से घायल युवती पायल कुमारी (29) बताई जा रही है, जो केडीएच स्थित ‘राज चिल्ड्रेन स्कूल’ में शिक्षिका है। पायल शुक्रवार सुबह अपने घर से स्कूल जा रही थी, इसी दौरान युवक ने उस पर गोली चला दी। गोली युवती के गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद युवक कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंचा और अपने सिर में गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर, स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तत्काल सीसीएल सेंट्रल अस्पताल, डकरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक सुनील केवट मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का रहने वाला था और खलारी में अपने एक रिश्तेदार भाई के घर रह रहा था। वहीं घायल युवती के पिता सीसीएल (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) के कर्मी हैं।

पुलिस ने बताया कि घटना से पहले युवक ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर एक स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुप में पोस्ट किया था, जिसमें उसने ऐसा कदम उठाने के कारणों का उल्लेख किया है। वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया गया है। सूचना मिलते ही खलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इलाके में घटना के बाद से तनाव और दहशत का माहौल है।

अन्य ख़बरें

गुजरात सरकार की डिजिटल सर्विस से नागरिकों की सरकारी योजनाओं तक पहुंच हुई आसान

Newsdesk

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतगणना जारी, 150 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

Newsdesk

, उल्लास और भक्ति के साथ मनाया शरदोत्सव, डांडिया-गरबा में झूमे भक्तजनश्रद्धा

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading