जबलपुर। Japan International Cooperation Agency (जायका) की इवैल्यूएटर सुश्री हिसाए ताकाहाशी और भारतीय प्रतिनिधि श्री कुनाल गुप्ता ने Madhya Pradesh Power Transmission Company Limited (एमपी ट्रांसको) के अंतर्गत जायका-2 वित्तपोषित परियोजनाओं का भोपाल में विस्तृत निरीक्षण एवं सूक्ष्म मूल्यांकन किया। इस दौरान टीम ने 132 केवी महावड़िया सबस्टेशन और 132 केवी महावड़िया–मुगलियाछाप डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का भौतिक निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता, तकनीकी मानकों, लागत प्रबंधन और समयबद्ध क्रियान्वयन की जानकारी ली।
टीम ने संचालन एवं संधारण (ओ एंड एम) व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा पर्यावरणीय प्रभावों की भी गहन समीक्षा की। अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान परियोजनाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्ता की दृष्टि से संतोषजनक पाया गया।
जायका टीम ने सबस्टेशन के आसपास के व्यापारियों से भी संवाद किया। व्यापारियों ने बताया कि सबस्टेशन के चालू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और निर्बाध हुई है, जिससे स्थानीय व्यापार, लघु उद्योगों और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिली है। निरीक्षण के समय एमपी ट्रांसको के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


