तीसरे दिन भी तलाश जारी
जबलपुर। जमतरा घाट स्थित नर्मदा नदी में हुए दर्दनाक हादसे में लापता दो छात्रों की तलाश तीसरे दिन भी जारी है। स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम सोमवार सुबह से एक बार फिर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। लापता छात्रों की पहचान 22 वर्षीय जॉनी इक्का (अंबिकापुर) और 22 वर्षीय एडविन जॉर्ज विंज (अनूपपुर) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जॉनी जबलपुर के सेंट अलायसियस इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वहीं उसका दोस्त एडविन इंदौर में पढ़ाई करता है और कुछ दिन पहले ही अपने मित्र से मिलने जबलपुर आया था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 3:45 बजे पांच दोस्तों का समूह घूमने के लिए जमतरा घाट पहुंचा था। इनमें जॉनी और एडविन के अलावा आकाश, नितिन और विल्सन शामिल थे। घाट पर पहुंचने के बाद कुछ दोस्त किनारे पर ही बैठे रहे, जबकि जॉनी, नितिन और आकाश नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान जॉनी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
उसे बचाने के प्रयास में नितिन और आकाश भी तेज बहाव में फंस गए। यह देख एडविन तुरंत नदी में कूद गया और साहस दिखाते हुए दोनों साथियों को किसी तरह किनारे तक पहुंचा दिया। इसके बाद उसने जॉनी को बचाने के लिए दोबारा गहरे पानी की ओर रुख किया, लेकिन तेज धारा में वह खुद भी बह गया। देखते ही देखते जॉनी और एडविन दोनों ही नदी की लहरों में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए थे। शुक्रवार शाम से ही खोजबीन शुरू की गई, जो शनिवार और रविवार को भी जारी रही। सोमवार को एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने नदी के निचले हिस्सों में भी तलाश तेज कर दी है, ताकि दोनों युवकों का जल्द पता लगाया जा सके।


