जबलपुर। शहर में आयोजित मध्यप्रदेश पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ, जिसमें प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। इस प्रतियोगिता में करीब 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जो जबलपुर, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, रीवा, सतना सहित अन्य जिलों से पहुंचे थे।
प्रतियोगिता के संबंध में क्रीड़ा भारती के संरक्षक व अंतरराष्ट्रीय प्रेरक डॉ. अनुराग सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिनों तक चली इस स्पर्धा में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
टीम प्रतियोगिता में जबलपुर नंबर-वन
जूनियर टीम प्रतियोगिता में जबलपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इंदौर दूसरे और ग्वालियर तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा जूनियर टीम चैंपियनशिप में उज्जैन ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि रीवा दूसरे और इंदौर तीसरे स्थान पर रहा।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी दिखा दम
पुरुष बेस्ट लिफ्टर प्रतियोगिता में कार्तिक जैन (इंदौर) ने पहला स्थान प्राप्त किया। ग्वालियर के जतिन सिंह दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जबलपुर के करण पटेल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
जूनियर वर्ग में उज्जैन की ग्रेस नारायण ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भोपाल के आदित्य राज वर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
समापन में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एमआईसी सदस्य कमलेश अग्रवाल, क्रीड़ा भारती प्रांत संयोजक अनंत डीके, मंत्री महाकौशल प्रांत राकेश त्रिपाठी, जिला पावर लिफ्टिंग संघ के पदाधिकारी, कार्यक्रम अध्यक्ष प्रकाश चौकसे, मान सिंह परस्ते, सौरभ, दीपक टिंगरे सहित अन्य का विशेष सहयोग रहा।
इस आयोजन ने न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि जबलपुर को प्रदेश में खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में भी स्थापित किया है।


