जबलपुर। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में चायना चाकू बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 चायना चाकू और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पारस जैन (33) पिता मनोज जैन, मूल निवासी संग्रामपुर जिला दमोह तथा वर्तमान निवासी मदर टेरेसा नगर माढ़ोताल है। आरोपी अवैध रूप से चाकुओं की बिक्री करने की तैयारी में था।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले में अवैध हथियार और मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल बी.एस. गोठरिया तथा उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
क्राइम ब्रांच को 16 अप्रैल की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि मदर टेरेसा नगर में किराए से रहने वाला पारस जैन अपने घर में बड़ी मात्रा में चायना चाकू रखकर बेचने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां आरोपी अपने घर पर ही मिला।
तलाशी के दौरान पुलिस को उसके कमरे में पलंग के नीचे रखे एक कैरी बैग से 50 चायना चाकू बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन चाकुओं को करीब 200 रुपये प्रति नग के हिसाब से बेचने वाला था। उसने यह भी खुलासा किया कि ये चाकू उसके रिश्तेदार अभि उर्फ अभिषेक गुप्ता निवासी गिरिडीह (झारखंड) द्वारा भेजे गए थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस मामले में आरोपी पारस जैन, अभिषेक गुप्ता और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ थाना माढ़ोताल में आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 25(3)(i) और बीएनएस की धारा 49 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार और थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच शैलेष मिश्रा के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रशांत सोलंकी, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला, रूस्तम अली सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस विभाग ने टीम के कार्य की सराहना की है।


