बरगी नगर। “एंटाइटलमेंट्स एवं वेलफेयर राइट्स” विषय पर एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम सच्चा प्रयास संस्था द्वारा मुख्यालय बरगी नगर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में बरगी बांध क्षेत्र के 12 विभिन्न गांवों से आए सामुदायिक लीडर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन), पेंशन योजनाएं, आयुष्मान भारत योजना तथा मनरेगा के संबंध में समग्र जानकारी प्रदान करना तथा उनके अधिकारों, पात्रता मानदंडों और लाभ प्राप्ति की प्रक्रिया की गहन समझ विकसित करना था।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षक राजकुमार सिन्हा, अनवर खान एवं मानव राज द्वारा प्रतिभागियों को योजनाओं तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के व्यावहारिक उपायों, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, योजनाओं के क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं जैसे दस्तावेज़ों की कमी, तकनीकी बाधाएं, जागरूकता का अभाव आदि पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए गए।
कार्यक्रम को अधिक सहभागितापूर्ण और प्रभावी बनाने के लिए रोल प्ले, समूह चर्चा और केस स्टडी जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यवहारिक अनुभव प्राप्त हुआ और वे वास्तविक परिस्थितियों में योजनाओं के उपयोग को बेहतर ढंग से समझ सके। प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा किए तथा ग्राम स्तर पर मौजूद भौतिक और प्रशासनिक चुनौतियों को भी सामने रखा।
प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने गांवों में जागरूकता बढ़ाने, पात्र हितग्राहियों की पहचान करने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था प्रमुख परवेज खान ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम समुदाय को सशक्त बनाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं की वास्तविक पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संस्था द्वारा निरंतर इस प्रकार की प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि सामुदायिक नेतृत्व को मजबूत किया जा सके और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर सुनील सैनी, संजय मरावी, विपत लाल, मेंनी महिमा, अफजल खान, क्रांति लोधी, राजकुमार यादव, शिवानी टेकाम सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।


