जबलपुर। जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की एक वारदात सामने आई है, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया है। शीतलामाई घमापुर निवासी 52 वर्षीय संध्या रावत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वे अपनी बहू मानसी रावत के साथ एक्सिस वाहन से माढ़ोताल बजरंगनगर से अपने घर लौट रही थीं।
जब वे चंडालभाटा फ्लाईओवर की चढ़ाई के पास पहुंचीं, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास आए। मोटरसाइकिल चला रहा युवक सफेद शर्ट पहने था और उसके चेहरे पर लाल कपड़ा बंधा हुआ था, जबकि पीछे बैठा युवक काले रंग की शर्ट पहने हुए था और उसने अपने चेहरे को सफेद कपड़े से ढका हुआ था।
पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर संध्या रावत के गले से सोने की चेन खींच ली। इस दौरान अचानक हुए हमले से वे घबरा गईं। छीना-झपटी में चेन टूटकर उनके दुपट्टे में फंस गई, जिससे आधी चेन उनके पास रह गई, जबकि बदमाश आधी चेन लेकर मौ के से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


