बिरसिंगपुर की 500 मेगावाट यूनिट ने 150 दिन किया निर्बाध उत्पादन
जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) के संजय गांधी ताप विद्युत गृह, बिरसिंगपुर की 500 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर 5 ने 150 दिनों तक लगातार एवं निर्बाध विद्युत उत्पादन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह यूनिट 16 नवम्बर 2025 से लगातार संचालन में है, जो संयंत्र की उच्च विश्वसनीयता, संचालन दक्षता और उत्कृष्ट रखरखाव का प्रमाण है।
इस अवधि में यूनिट ने न केवल निरंतर उत्पादन बनाए रखा, बल्कि तकनीकी मानकों पर भी शानदार प्रदर्शन किया। प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर 98.64 प्रतिशत और प्लांट लोड फैक्टर 98.45 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो उत्पादन क्षमता के प्रभावी उपयोग को दर्शाता है। साथ ही सहायक विद्युत खपत को 5.52 प्रतिशत तक सीमित रखना ऊर्जा दक्षता और संसाधनों के संतुलित उपयोग का उदाहरण है।
यूनिट नंबर 5 की इस उपलब्धि के पीछे अभियंताओं, तकनीकी कर्मचारियों और श्रमिकों की समर्पित कार्यशैली, सतत निगरानी और समयबद्ध रखरखाव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कठिन परिस्थितियों में भी संयंत्र की मशीनरी को सुचारू रूप से संचालित करना टीम की उच्च पेशेवर क्षमता को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी की 13 इकाइयों ने 100 दिनों से अधिक निर्बाध उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था, जिसमें इसी ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर 3, 4 और 5 ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। यूनिट नंबर 5 अब तीसरी बार इस प्रकार का रिकॉर्ड बनाते हुए नए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत 150 दिन के निरंतर उत्पादन के साथ कर रही है।
कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ऑपरेशन और मेंटेनेंस टीम को बधाई दी है। उन्होंने इसे टीम के समन्वित प्रयास, सक्रिय दृष्टिकोण और चुनौतियों के प्रति त्वरित प्रतिक्रिया का परिणाम बताया। वहीं डायरेक्टर टेक्निकल सुबोध निगम ने भी ग्राउंड स्टाफ और अभियंताओं की सराहना करते हुए इसे उच्च तकनीकी दक्षता और पेशेवर उत्कृष्टता का परिचायक बताया।


