*
जबलपुर। प्रदेश में जारी स्व-गणना अभियान के दूसरे दिन पनागर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सुशील तिवारी इन्दु भैया ने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। विधायक श्री तिवारी ने स्वयं डिजिटल माध्यम से अपनी गणना कर शासन की इस महत्वपूर्ण मुहिम में सहभागिता निभाई और तकनीक के माध्यम से व्यवस्था को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
*विधायक की अपील सटीक गणना, बेहतर विकास का आधार*
अपनी गणना पूर्ण करने के पश्चात विधायक सुशील तिवारी ने क्षेत्रीय नागरिकों से उत्साहपूर्वक इस प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा स्व-गणना केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में हमारी सक्रिय भागीदारी है। जब शासन के पास सटीक डेटा होगा, तभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक सुचारु रूप से पहुँच सकेगा। डिजिटल गणना सरल और सुरक्षित है, अतः सभी नागरिक स्वयं आगे आकर इसे पूर्ण करें।
*प्रशासनिक अमला भी सक्रिय, कलेक्टर और निगमायुक्त ने की अपील*
अभियान को गति देने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मैदान में सक्रिय हैं। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने संयुक्त रूप से नागरिकों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपनी स्व-गणना सुनिश्चित करें। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि डिजिटल माध्यम से की जाने वाली यह गणना पूरी तरह गोपनीय और पारदर्शी है।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे तकनीकी का उपयोग कर शासन के इस अभियान में सहयोग करें। इस मौके पर निगम की ओर से उपायुक्त अंकिता जैन और उनकी टीम ने तकनीकी जानकारी दी और सहयोग प्रदान की।


