जबलपुर। सिहोरा नगर के खितौला क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से अब लोगों को राहत मिलने जा रही है। लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लाइओवर का लोकार्पण लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया। फ्लाइओवर के शुरू होते ही क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
लोकार्पण के मौके पर मंत्री राकेश सिंह ने इसे केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरत और प्रतिष्ठा से जुड़ा प्रोजेक्ट बताया। उन्होंने कहा कि इस फ्लाइओवर के बन जाने से स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन पहले से अधिक आसान होगा।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में अब तक 400 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। साथ ही उन्होंने लोकपथ ऐप के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने और 506 लोक कल्याण सरोवरों के निर्माण जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर विधायक संतोष बरकड़े ने इसे वर्षों पुरानी मांग के पूरा होने का ऐतिहासिक क्षण बताया और मंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने कहा कि यह उपलब्धि लंबे समय के प्रयासों का परिणाम है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस फ्लाइओवर के शुरू होने से न केवल जाम से राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।


