जबलपुर। खमरिया में सुरक्षा कर्मचारी यूनियन इंटक के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय आर.एस. त्रिपाठी डे-नाइट टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत दिनांक 21 अप्रैल को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में इंडियन पोस्ट और टीम डायनेमिक आमने-सामने थीं, जबकि दूसरे मुकाबले में बम लहरी और जीएमसी सुहागी की टीमें भिड़ीं।
पहले मैच में इंडियन पोस्ट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। टीम डायनेमिक ने निर्धारित 10 ओवरों में 4 विकेट खोकर 72 रन बनाए, जिसमें ऋषि ने 25 गेंदों पर 29 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इंडियन पोस्ट की ओर से महेंद्र ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडियन पोस्ट ने 5 विकेट खोकर 73 रन बनाए और 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत में सुरेंद्र ने 16 गेंदों पर 29 रन की अहम पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में बम लहरी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। जीएमसी सुहागी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में 9 विकेट खोकर 78 रन बनाए, जिसमें अमित शुक्ला ने 13 गेंदों पर 18 रन का योगदान दिया। जवाब में बम लहरी की टीम निर्धारित 10 ओवरों में 8 विकेट खोकर केवल 48 रन ही बना सकी। जीएमसी सुहागी ने यह मुकाबला आसानी से जीत लिया। इस मैच में अमित शुक्ला ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 6 रन देकर 1 विकेट भी लिया और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंटक यूनियन खमरिया के अनिल गुप्ता, महेंद्र रजक और जीवन सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक की भूमिका अनुपम भौमिक, जसवंत, भूपेंद्र और निखिल यादव ने निभाई।
इस अवसर पर यूनियन के आनंद शर्मा, धर्मेंद्र रजक, जितेंद्र पांडे, रवि चंद्रा, सचिन दुबे, मोनू चौधरी, अभिषेक यादव, हरि झरिया, दुर्गेश सोनी, सुनील खत्री, प्रकाश, ज्ञान प्रकाश, रामरतन विनोदिया, मुकेश विनोदिया, सौरभ, दिलीप, शिशिर रंजन, प्रदीप चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


