*
सिवनी/सुकतरा : कुरई विकासखंड अंतर्गत ग्राम कटंगी बंजर (चौकी बादलपार, थाना कुरई) की निवासी 28 वर्षीय धनवती धुर्वे, जो राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) में कृषि सखी के रूप में कार्यरत हैं, ने अपने ही नोडल अधिकारी राकेश जोलदेव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता धनवती धुर्वे ने लिखित शिकायत में बताया कि मोगली CLF के नोडल अधिकारी राकेश जोलदेव लंबे समय से उन पर बुरी नजर रखते थे और काम के बहाने कार्यालय बुलाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने गोपालगंज स्थित क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में उनका खाता बंद करा दिया।
धनवती के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को जब वह बैंक में पैसे निकालने पहुंचीं तो उन्हें जानकारी मिली कि उनका खाता बंद कर दिया गया है। इसी दौरान बैंक में मौजूद राकेश जोलदेव से जब उन्होंने इस संबंध में पूछा, तो उसने कथित रूप से सभी के सामने गंदी गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धक्का दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बताया कि उसी दिन उन्होंने अपनी बहन सुमन के साथ लखनवाड़ा थाना पहुंच कर संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


