। शहपुरा थाना क्षेत्र में लापरवाही और तेज रफ्तार का एक और मामला सामने आया है, जहां एक कार की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नटवारा निवासी कृष्ण कुमार राजपूत (34) ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके बड़े भाई संतोष सिंह राजपूत (39) रविवार को मोटरसाइकिल (MP 20 MX 4565) से गैस सिलेंडर लेने शहपुरा गए थे। लौटते समय नटवारा चौराहे के पास सड़क पार करते दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष सिंह उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, माथे, सीने और पैरों में गहरी चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी और मदद के लिए आगे आए।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल शहपुरा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त कार (MP 19 ZS 5201) खड़ी मिली, जिससे अंदेशा है कि चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार चालक अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
शहपुरा पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, साथ ही प्रमुख चौराहों पर स्पीड कंट्रोल और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


