सिवनी – जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए डूण्डासिवनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बिजली तार चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ₹1 लाख मूल्य का मशरुका बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील मेहता के निर्देशन में जिलेभर में चोरी की वारदातों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सिवनी श्री सचिन परते के मार्गदर्शन में डूण्डासिवनी पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को सहायक अभियंता शशांक चौरसिया ने थाना डूण्डासिवनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि झील पिपरिया कण्डीपार रोड स्थित 11 केवी विद्युत लाइन के 12 खंभों से अज्ञात बदमाशों द्वारा तार काटकर चोरी कर ली गई है, जिससे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आशाराम कुडोपा और जुम्मन यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने साथी अशोक गोनगे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी के तार को राजेंद्र कुमार साहू को बेचने की बात भी कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त झूला, तार कटर, मोटरसाइकिल एवं पांच बोरियों में भरे एल्युमिनियम बिजली तार के बंडल जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
आशाराम कुडोपा (26) निवासी हुलकी, थाना बरगी, जिला जबलपुर
जुम्मन यादव (26) निवासी मानकपुर, थाना धूमा
अशोक गोनगे (25) निवासी बेलटोला, चौकी बादलपार, कुरई
राजेंद्र कुमार साहू (61) निवासी जनता नगर बायपास, डोरली
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम एवं विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में निरीक्षक चैनसिंह उड़के के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय बघेल सहित पुलिस टीम के कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


