शहर की 95 प्रतिशत सड़कें हुई गड्ढ़ा मुक्त_महापौर*
*महापौर की अनुशंसा पर शीघ्र मुक्ति धाम होगें सर्वसुविधायुक्त, सौन्दर्यीकरण के कार्य पर रहेगा विशेष फोकस*
*जनभागीदारी के लिए लोगों को किया जायेगा आमंत्रित अपनी इच्छा से लोग कर सकेगें सहयोग*
*शहर के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए टेंडर शीघ्र, जनभागीदारी और महापौर अनुशंसा से परिसर में कराये जायेगें लैण्ड स्कैपिंग, पौधारोपण, फाउंटेन, दुधिया लाइट, प्रार्थना सभा में विंडो कूलर – महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू*
*शहर में 2 स्थानों पर बनाई जायेगी 5 स्टार स्तर की चौपाटी, महापौर ने कार्य योजना तैयार करने अधिकारियों को दिये निर्देश*
*शहर के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गो को आकर्षक साज सज्जा और सौन्दर्यीकरण का किया जा रहा है कार्य सुन्दर और सुव्यवस्थित दिखेगा प्रवेश मार्ग*
*नेपियर टाउन के चंदन वन, पचपेढ़ी उद्यान के साथ शहर के अन्य उद्यानों को महकाने और सजाने का कार्य शीघ्र किया जायेगा प्रारंभ*
*समृद्ध है हमारा नगर निगम जबलपुर, विकास कार्यो को गति प्रदान करने धनराशि की कोई कमी नहीं – महापौर*
*नाइट स्वीपिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने सभी मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों, सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वास्थ्य अधिकारी को भेजकर आकस्मिक रूप से छापेमार शैली में कराई जायेगी जॉंच, दोषी पाये जाने पर की जायेगी संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्यवाही*
*पार्षद अनुशंसा के कार्यो में अधिक से अधिक उद्यान विकसित करने वाले वार्डो को किया जायेगा पुरूस्कृत*
*महापौर की ’मैराथन’ बैठक में लिये निर्णय से ग्रीष्मऋतु में नहीं होगा जलसंकट और वर्षाऋतु में जलप्लावन*
*नागरिकों को वर्षाऋतु में जलप्लावन से और अधिक राहत प्रदान करने शहर के सभी नाला नालियों की सफाई के अलावा ओमती नाला और मोती नाला को किया जायेगा और विस्तार*
*वर्षाजल निकासी को अवरूद्ध करने वाले नाले के ऊपर बने सभी अतिक्रमण तोड़े जायेगें*
*पिछले 3 सालों में शहर में जलप्लावन और जलसंकट में आई है भारी कमी*
*इस वर्ष और व्यवस्थित तरीके से पहले से ही कार्य कराकर नागरिकों को देगें राहत*
*सफाई व्यवस्था में व्यापक रूप से परिवर्तन लाने अतिरिक्त मशीनों के साथ सफाई मित्रों की संख्या में की जा रही है वृद्धि, अगले माह 80 सी.एन.जी. कचरा गाड़ी जुड़ेंगी सफाई व्यवस्था से*
*ग्रीष्मऋतु में नागरिकों को नहीं होगा जलसंकट, अभी से पाइप लाइन विस्तारीकरण, बोरिंग, संचालन, टंकियों को पूर्ण क्षमता के साथ भरने एवं अन्य संसाधनों को दुरूस्त करने महापौर ने अधिकारियों को जारी किये दिशा निर्देश*
*1 अप्रैल से प्रारंभ है पार्षद, अध्यक्ष और महापौर अनुशंसा के कार्य, सभी कार्यो को प्राथमिकता से पूर्ण कराने अधिकारियों को महापौर के सख्त निर्देश*
*बैठक में महापौर के साथ एम.आई.सी. सदस्य श्रीमती रजनी कैलाश साहू, दामोदर सोनी, अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान, व्ही.एन. बाजपेय, के साथ सभी संबंधित विभागों के विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहे*
जबलपुर। शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं देने और आगामी ऋतुओं की चुनौतियों से निपटने के लिए महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ’अन्नू’ ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। 4 घंटे चली इस ’मैराथन’ बैठक में लोककर्म, उद्यान एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में महापौर ने कहा कि जबलपुर नगर निगम आर्थिक रूप से समृद्ध है और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
महापौर ने कहा कि शहर की 95 प्रतिशत सड़कें गडढ़ा मुक्ति हुई हैं, शहर के मुक्तिधाम को सर्वसुविधायुक्त बनाने शीघ्र टेंडर जारी किए जाएंगे। महापौर ने बताया कि मुक्तिधामों को और सुंदर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापौर अनुशंसा और जनभागीदारी से यहाँ लैंडस्केपिंग, पौधारोपण, फाउंटेन, दुधिया लाइट और प्रार्थना सभा में विंडो कूलर जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
जबलपुर के प्रवेश द्वारों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है, साथ ही, शहर में दो स्थानों पर 5-स्टार स्तर की चौपाटी विकसित करने की योजना है। नेपियर टाउन स्थित ’चंदन वन’, पचपेढ़ी उद्यान के साथ शहर के अन्य उद्यानों को भी जल्द ही नया स्वरूप दिया जाएगा।
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अगले माह 80 नई सी.एन.जी. कचरा गाड़ियां बेड़े में शामिल होंगी। नाइट स्वीपिंग (रात्रि सफाई) की निगरानी के लिए छापेमारी शैली में जांच की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
महापौर ने कहा कि 1 अप्रैल से पार्षद, अध्यक्ष और महापौर अनुशंसा के कार्य शुरू हो चुके हैं। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और वार्डों में उद्यानों को विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सबसे अधिक उद्यान विकसित करने वाले वार्डों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रीष्म ऋतु में पाइप लाइन विस्तार, बोरिंग और टंकियों को पूर्ण क्षमता से भरने का कार्य समय पर पूरा करें ताकि नागरिकों को पानी की किल्लत न हो। वहीं, वर्षा ऋतु में जलभराव रोकने के लिए ओमती और मोती नाले के विस्तार तथा सभी नालों की सफाई के निर्देश दिए गए।
पिछले 3 वर्षों में जल संकट और जलप्लावन में भारी कमी आई है। इस वर्ष हम और अधिक व्यवस्थित तरीके से पूर्व तैयारी कर रहे हैं ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सड़कों को गड्ढा मुक्त करना और शहर का सौंदर्यीकरण हमारी प्राथमिकता है।
वर्षा जल की निकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले नालों के ऊपर बने सभी अवैध निर्माणों को तोड़ने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। 1 अप्रैल से पार्षद, अध्यक्ष और महापौर मद के सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई है।
इस उच्च स्तरीय बैठक में निगमाध्यक्ष रिंकू विज,एम.आई.सी. सदस्य श्रीमती रजनी कैलाश साहू, दामोदर सोनी, अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान, व्ही.एन. बाजपेय सहित सभी विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे।


