*
सिवनी – कोतवाली पुलिस ने चोरी और मारपीट के दो मामलों में वांछित शातिर हिस्ट्रीशीटर अफरोज उर्फ मारी उर्फ ‘बिजली’ को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात सहित कुल ₹2 लाख 60 हजार का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील मेहता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी श्री सचिन परते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चोरी की घटना का खुलासा किया गया।
सूने घर को बनाया निशाना
प्रार्थी मनीष कुमार माधूरे निवासी संजय वार्ड, साई मंदिर बजरंग चौक ने 21 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने 19 से 21 अप्रैल के बीच उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ₹35,000 चोरी कर ली। मामले में अपराध क्रमांक 310/2026 धारा 331(4), 305 (A) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की। इसी दौरान छिंदवाड़ा चौक के पास अफरोज उर्फ बिजली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी नवील खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
मारपीट और लूट का भी आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी अफरोज ने 20 अप्रैल की रात अपने साथी रेहान खान के साथ विजय बंजारा से जबरन पैसे छीने और मारपीट की थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 306/2026 धारा 126(2), 119(1), 296(6), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के 4 कंगन, 1 मंगलसूत्र, 1 अंगूठी, 2 लॉकेट, चांदी के 4 जोड़ी कंगन, 1 चेन, 1 अंगूठी एवं नकदी ₹3000 सहित कुल ₹2.60 लाख का मशरूका जब्त किया।
हिस्ट्रीशीटर, पहले से दर्ज हैं कई मामले
मुख्य आरोपी अफरोज उर्फ बिजली के खिलाफ कोतवाली थाना सिवनी में नकबजनी के 12, आर्म्स एक्ट का 1 और मारपीट का 1 मामला दर्ज है, वहीं कान्हीवाड़ा थाने में भी एक प्रकरण दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी
अफरोज उर्फ मारी उर्फ बिजली (20 वर्ष), निवासी भगतसिंह वार्ड, पठान चौक सिवनी
नवील खान (19 वर्ष), निवासी सूफी नगर गांधी वार्ड सिवनी
रेहान खान (19 वर्ष), निवासी भगतसिंह वार्ड सिवनी
एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी सहित पुलिस टीम के डी.सी. म्यारसिया, संतोष बैन, मुकेश गोडाने, मनोज पाल, प्रतीक बघेल, सिद्धार्थ दुबे, सतीश इनवाती, रत्नेश कुशवाहा, मुकेश चौरिया, राजेन्द्र राजपूत, अनिल वर्मा एवं विनय सेंगर की विशेष भूमिका रही।


