*
छपारा -:
वर्तमान समय की इस भीषण गर्मी में जहां दिन का तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा नगर परिषद छपारा द्वारा संचालित प्याऊ केंद्रों की बदहाल स्थिति को लेकर गत दिनों 22 अप्रैल को प्रकाशित समाचार का असर अब दिखाई देने लगा है।
खबर प्रकाशन के बाद नगर परिषद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए व्यवस्था में सुधार कर दिया है।
पहले जहां इन प्याऊ केंद्रों पर मटके खाली पड़े रहते थे, गंदगी फैली रहती थी और आवारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता था, वहीं अब स्थिति बदली हुई है। नगर परिषद ने प्रत्येक प्याऊ केंद्र पर एक कर्मचारी तैनात कर दिया है, जो नियमित रूप से मटकों में पानी भरने के साथ-साथ लोगों को ठंडा पेयजल पिलाने के साथ साफ-सफाई का ध्यान रख रहे है।
नगर के मुख्य मार्गों, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर अब राहगीरों को भीषण गर्मी के बीच ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे लोगों को काफी राहत मिल रही है।
वहीं नगर के जागरूक लोगों ने व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि प्याऊ केंद्रों को रात्रि में खुला न छोड़ा जाए, ताकि असामाजिक तत्व या जानवर नुकसान न पहुंचा सकें। साथ ही, घड़ों को जमीन से थोड़ी ऊंचाई पर प्लेटफॉर्म पर रखने की व्यवस्था की जाए, जिससे स्वच्छता बनी रहे और पानी भरने में सुविधा हो।नगरवासियों का मानना है कि यदि इन सुझावों पर भी अमल किया जाता है, तो यह व्यवस्था और अधिक प्रभावी और स्वास्थ्यप्रद बन सकती है। फिलहाल, नगर परिषद की इस पहल से गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।


