*
सिवनी- नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सिवनी द्वारा मेजर ध्यानचंद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम परिसर में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हॉकी, कबड्डी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेलों के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और सशक्तिकरण की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती मनु धुर्वे एवं विभागीय स्टाफ द्वारा अतिथियों के पुष्पगुच्छ स्वागत के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती मुकेश डहेरिया उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी, लॉ कॉलेज की स्पोर्ट्स ऑफिसर श्रीमती अर्चना पाठक, समाजसेविका श्रीमती पुष्पा मेहंदीरत्ता, शिक्षिका श्रीमती जयश्री तिवारी, श्रीमती कश्मीरा सिंगमारे एवं श्रीमती रोशनी यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान “नारी शक्ति वंदन” विषय पर खिलाड़ियों के बीच स्लोगन लेखन एवं विचार अभिव्यक्ति गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रेरणादायक संदेश प्रस्तुत किए।
समाजसेविका श्रीमती पुष्पा मेहंदीरत्ता ने अपने संबोधन में परिवार में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, संयुक्त परिवार की परंपरा और भारतीय संस्कारों को बनाए रखने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं श्रीमती कश्मीरा सिंगमारे ने अपनी प्रभावशाली कविता के माध्यम से नारी शक्ति के विभिन्न स्वरूपों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, 33 प्रतिशत आरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देते हुए महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी खिलाड़ियों को बिस्किट वितरित किए गए तथा अंत में विशेष रूप से तैयार स्लोगन बोर्ड पर सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने अपने संदेश लिखकर नारी सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
आभार प्रदर्शन जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती मनु धुर्वे द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों का व्यस्ततम समय में कार्यक्रम में शामिल होने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कोचों और खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में श्री लक्ष्मी प्रसाद ठाकरे, श्री अब्दुल हक खान, श्रीमती संगीता सिंह उर्फ जैनब, श्रीमती रंजना भलावी, श्री ओम शिवे, श्रीमती सुषमा डहेरिया, श्री फैसल खान सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री निकेश पदमाकर, ब्लॉक युवा समन्वयक कुरई द्वारा किया गया। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।


