*निगमायुक्त ने समीक्षा बैठक में सभी विभागीय प्रमुखों को दिए निर्देश*
जबलपुर। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के अंतर्गत शहर में संचालित विभिन्न गतिविधियों और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में स्वच्छता के मानकों को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, उद्यान, वर्कशॉप तथा विद्युत विभाग सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं के अधिकारियों से बिंदुवार चर्चा की और प्रगति की जानकारी ली। निगमायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को कचरा संग्रहण और नाली सफाई में निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यान विभाग को पार्कों के रखरखाव और डिवाइडरों पर वृक्षारोपण की स्थिति सुधारने को कहा। विद्युत विभाग को स्ट्रीट लाइट्स की सुचारू व्यवस्था और लोककर्म विभाग को सड़कों के संधारण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*टीम वर्क और समन्वय पर जोर*
बैठक में निगमायुक्त श्री अहिरवार ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में सफलता केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी विभागीय प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ एक टीम के रूप में कार्य करें ताकि धरातल पर परिणाम नजर आएं। इस अवसर पर अधिकारियों के साथ-साथ सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।


