रद्दी
जबलपुर। जबलपुर के अधारताल क्षेत्र स्थित रद्दी चौकी में बुधवार सुबह मेन पाइपलाइन फटने से भारी अव्यवस्था की स्थिति बन गई। पाइपलाइन फूटते ही करीब 50 फीट ऊंचाई तक पानी का तेज फव्वारा उठने लगा और देखते ही देखते सड़क पर जलभराव हो गया।
सड़क पर पानी भर जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को रास्ता बदलकर निकलना पड़ा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
भीषण गर्मी के बीच हजारों गैलन पेयजल यूं ही सड़क पर बह जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। नागरिकों ने इस घटना को नगर निगम की लापरवाही बताया और व्यवस्था पर सवाल उठाए।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद नगर निगम का अमला करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचा। इसके बाद पानी की सप्लाई बंद कर मरम्मत कार्य शुरू किया गया।
मेन पाइपलाइन फूटने के कारण अधारताल, आनंद नगर सहित आसपास के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई है। कई टंकियां नहीं भर सकीं, जिससे क्षेत्र में जल संकट की स्थिति बन गई है।
स्थानीय लोगों के बीच अब इस बात को लेकर चिंता बनी हुई है कि शाम तक पानी की सप्लाई सामान्य हो पाएगी या नहीं।


