.मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार (30 अप्रैल) को दर्दनाक हादसा हो गया. नर्मदा नदी पर स्थित बरगी डैम में गुरुवार, 30 अप्रैल को बड़ा हादसा हो गया, यहां सैलानियों से भरा क्रूज बांध में डूब गया.
मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. हादसे के बाद से ही लापता लोगों को ढूंढने के प्रयास किए जा रहे थे. शुक्रवार (1 मई) की सुबह 5 लोगों के शव निकाले गए हैं. इस दौरान मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बहुत तेज आंधी आई, जिससे क्रूज में पानी भरने लगा. उस समय किसी को भी लाइफ सेविंग जैकेट नहीं पहनाया गया था. जब क्रूज में पानी भरने लगा तो जल्दी-जल्दी जैकेट दी जा रही थी. तभी छीना-झपटी मच गई और क्रूज पलट गया.
मध्य प्रदेश के मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि यह एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना है, और उम्मीद है कि ऐसी घटना दोबारा कभी न हो. मेरा मानना है कि बचाव अभियान गुरुवार शाम ही शुरू हो गया था और यह वाकई एक बहुत ही दुखद घटना है. निश्चित रूप से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि ऐसे उपाय करने की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों. जो हुआ है वह सचमुच दिल दहला देने वाला है और इसे शब्दों में पूरी तरह से व्यक्त करना असंभव है. अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए गए हैं. इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
डैम हादसे से जुड़े 5 प्वाइंट्स
- यह हादसा आंधी-तूफान के चलते हुआ है. तेज आंधी से क्रूज डगमगाकर डूब गया.
- हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है.
- सीएम मोहन यादव ने हादसे पर दुख प्रकट किया है.
- मुख्यमंत्री मोहन यादव की तरफ से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता का ऐलान किया गया.
- जबलपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित एसडीआरएफ एवंअन्य बचाव दल घटना स्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य में सक्रिय हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है.


