*प्रदेश के सबसे सस्ते दर पर स्वीमिंग पूल का महापौर ने किया शुभारंभ*
*स्वीमिंग पूल में सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में गार्ड की है व्यवस्था*
*अधिकारियों और ठेकेदार को तैराकों के साथ सौम्य व्यवहार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्पर रहने महापौर ने अधिकारियों को दिये कड़े निर्देश*
जबलपुर। नगर निगम ने भॅंवरताल स्वीमिंग पूल को प्रदेश की सबसे सस्ती दरों पर उपलब्ध कराया है, ताकि शहर का हर नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सके। इसे सर्वसुविधायुक्त बनाया गया है, जिसमें पानी की सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है। सर्वसुविधायुक्त स्वीमिंग पूल को आज दिनांक 6 मई 2025 को महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डाॅं. अभिलाष पाण्डेय, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य डाॅं. सुभाष तिवारी, विवेकराम सोनकर, दामोदर सोनी, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू, पार्षद श्रीमती सोनिया रंजीत सिंह, श्रीमती प्रतिभा भापकर, श्रीमती वर्षा मनोज सेन, अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी आदि उपस्थित रहे।
*सुरक्षा व्यवस्था और कड़े निर्देश*
तैराकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने पर्याप्त संख्या में लाइफ गार्ड्स और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की है। महापौर ने इस संबंध में अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि
तैराकों के साथ व्यवहार सौम्य और मददगार होना चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपातकालीन स्थिति के लिए स्टाफ को हमेशा तत्पर रहना होगा। पुरुष और महिला तैराकों के लिए अलग-अलग कोच की व्यवस्था की गई है। सुबह और शाम के अलग-अलग बैच निर्धारित किए गए हैं, जिसमें महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष समय सुरक्षित रखा गया है। नागरिक नगर निगम के निर्धारित काउंटर से अपनी सदस्यता या दैनिक पास प्राप्त कर सकते हैं। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पूल के आस-पास साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जाए।


