देहरादून, 22 मई । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सार्वजनिक सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही चेतावनी दी कि चारधाम यात्रा के दौरान यातायात या कानून-व्यवस्था में बाधा डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर धर्म का सम्मान किया जाता है, लेकिन कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
सड़कों पर नमाज की अनुमति देने की वकालत करने वाले कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक गतिविधियां तय स्थानों जैसे मस्जिद और ईदगाह में ही होनी चाहिए, न कि सार्वजनिक जगहों पर, जिससे लोगों को परेशानी हो।
धामी ने कहा, “मैंने एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता को यह कहते हुए सुना कि सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति दी जानी चाहिए। हमने साफ कहा है कि नमाज पढ़ने के लिए तय स्थान हैं और वहीं नमाज होनी चाहिए। यही व्यवस्था है और किसी को भी इस व्यवस्था को बिगाड़ने का अधिकार नहीं है।”


