जबलपुर! ईद-उल-अज़हा (बकरीद) का पर्व 28 मई, जुमेरात को पूरे मुल्क में अकीदत, उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह ईद की नमाज अदा करेंगे और मुल्क में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगेंगे।
रानीताल ईदगाह में ईद-उल-अज़हा के मौके पर मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना डॉ. मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी मुस्लिम समुदाय को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रातः 10:30 बजे नायब मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना सूफ़ी जियाउल हक कादरी ईद की नमाज अदा कराएंगे। हजरत मौलाना इनामुल हक कादरी ने नमाजियों से समय से पहले पहुंचने की अपील की है
गोहलपुर वक्फ मोमिन ईदगाह में सुबह 8:30 बजे पेश इमाम हाफिज मोहम्मद ताहिर साहब ईद-उल-जुहा की नमाज अदा कराएंगे। कमेटी द्वारा नमाजियों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है।
सदर बाजार स्थित ईदगाह में ईद की नमाज सुबह 8:30 बजे अदा की जाएगी। मौलाना सुल्तान अहमद साहब नमाज पढ़ाएंगे। अकबर खान सरवर, अब्दुल शफीक कुरैशी और नासिर बाबा, इनायत अली शाह सहित अन्य जिम्मेदारों ने लोगों से समय से पहुंचने और व्यवस्था बनाए रखने की गुजारिश की है। सदर जामा मस्जिद में 9:15 बजे नमाज अदा की जाएगी!
गढ़ा ईदगाह में ईद-उल-अज़हा की नमाज सुबह 9:45 बजे हाफिज कारी मौलाना अमीर अशरफ अदा कराएंगे। कमेटी के हाजी तौसीफ रजा सहित अन्य सदस्यों ने लोगों से समय से पहले पहुंचने का आग्रह किया है।
मुस्लिम इस्लाह कमेटी की अपील
मुस्लिम इस्लाह कमेटी के हाजी क़दीर सोनी, सरदार हामिद हुसैन, हाजी शेख जमील नियाज़ी, हाजी मक़बूल अहमद रज़वी, मुबारक अली क़ादरी, सैय्यद क़ादिर अली क़ादरी, पप्पू वसीम खान, याक़ूब अंसारी, अकबर खान सरवर, आमीन क़ुरैशी, हाजी हामिद मंसूरी, इनायत अली क़ादरी, जवाहर अली क़ादरी और एजाज़ अहमद उस्मानी सहित अन्य लोगों ने शहरवासियों से अपील की है कि ईद-उल-अज़हा के मौके पर खरीदे गए जानवरों की नुमाइश हरगिज़ न करें।
कमेटी ने कहा कि गरीब, यतीम और बेसहारा लोगों का दिल दुखाकर की गई क़ुर्बानी अल्लाह रब्बुल इज़्ज़त की बारगाह में कबूल नहीं होगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि शहर में जगह-जगह लगे कैमरों और प्रशासनिक व्यवस्था का ध्यान रखते हुए किसी भी प्रकार आपत्तिजनक हरकत से बचें।
कमेटी ने सभी नागरिकों से पर्व को शालीनता, अदब, एहतराम और आपसी भाईचारे के साथ मनाने तथा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


