33.5 C
Jabalpur
June 9, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

गढ़ा में लोकेशन देने के शक में युवक पर पिस्टल से दो फायर, दहशत में भागते समय सिर में लगी चोट

रामनगर काली मंदिर के सामने शाही फर्नीचर दुकान के पास की घटना, आरोपी एक्टिवा से युवती के साथ पहुंचा, गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार

जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में लोकेशन देने के शक में युवक पर पिस्टल से फायर करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को जान से मारने की नीयत से पिस्टल से दो बार फायर किया। घटना के दौरान डरकर भागते समय युवक दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में चोट आई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि 7 जून की रात घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को रामायण मंदिर के पीछे, सूपाताल निवासी 29 वर्षीय अंकित लखेरा ने बताया कि वह पार्सल डिलीवरी का काम करता है।

अंकित के अनुसार, लाल बिल्डिंग के पास रहने वाले करण विश्वकर्मा का सूपाताल निवासी अंबर से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। करण विश्वकर्मा को शक है कि अंकित, हर्ष अहिरवार और आर्यन अहिरवार उसकी लोकेशन अंबर को देते हैं। इसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, 7 जून की रात करीब 10:30 बजे अंकित अपने दोस्त हर्ष अहिरवार और आर्यन अहिरवार निवासी रामनगर के साथ रामनगर काली मंदिर के सामने शाही फर्नीचर की दुकान के पास सड़क पर खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गढ़ा बाजार वाली रोड से करण विश्वकर्मा काले रंग की एक्टिवा से अपनी दोस्त सोनाली बर्मन के साथ वहां पहुंचा।

आरोप है कि सोनाली स्कूटी पकड़कर खड़ी हो गई और करण ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने जान से मारने की नीयत से अंकित की ओर पिस्टल से दो बार फायर किया। फायरिंग से घबराकर अंकित और उसके साथी भागने लगे। भागते समय अंकित दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में चोट आई।

घटना के बाद आरोपी करण विश्वकर्मा जान से मारने की धमकी देते हुए सोनाली के साथ एक्टिवा पर बैठकर देवताल चौराहे की ओर फरार हो गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 109(1), 296(बी) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

अन्य ख़बरें

रात्रि गश्ती में लापरवाही के आरोप में 14 पुलिस पदाधिकारी निलंबित

Newsdesk

4.50 करोड़ के धान गबन मामले में फरार खरीदी केंद्र प्रभारी और सेल्समैन गिरफ्तार

Newsdesk

सरकार को पोलो क्लब या जिम खाना की जमीन क्यों चाहिए: दिल्ली हाई कोर्ट

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading