34.2 C
Jabalpur
June 12, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

विश्व पर्यावरण दिवस पर एमबी पावर का पर्यावरण पखवाड़ा संपन्न, जागरूकता गतिविधियों में दिखा उत्साह


प्रदूषण जागरूकता रैली, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर पेंटिंग और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
अनूपपुर,।  विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम प्रकृति से प्रेरित, जलवायु और हमारे भविष्य के लिए के अनुरूप एमबी पावर लिमिटेड जैतहरी द्वारा 22 मई से 7 जून तक पर्यावरण पखवाड़े का आयोजन किया गया। पखवाड़े का समापन 8 जून को आयोजित समारोह के साथ हुआ। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पर्यावरण पखवाड़े के तहत जैतहरी से दीपक नगर टाउनशिप तक प्रदूषण जागरूकता रैली निकाली गई। इसके अलावा ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी, पोस्टर पेंटिंग, नारा लेखन, भाषण प्रतियोगिता तथा सामूहिक पौधारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें कंपनी के कर्मचारियों, श्रमिकों, दीपक नगर टाउनशिप की महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कंपनी प्रबंधन द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दीपक नगर टाउनशिप की निवासी स्नेहलता परीदा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में गृहणियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड शहडोल के क्षेत्रीय अधिकारी अशोक कुमार तिवारी तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अनूपपुर के प्रभारी अधिकारी श्रेयांश पांडे उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपनी के सीओओ एवं प्लांट हेड ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों और पर्यावरण के प्रति उनकी समझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में विकसित हो रही पर्यावरणीय जागरूकता और संवेदनशीलता एक हरित एवं सतत भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि कंपनी पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए सतत विकास और हरित पहल को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कंपनी के एचआर एवं प्रशासन प्रमुख ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव इस बात का संकेत हैं कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति सभी को अधिक जिम्मेदार बनने की आवश्यकता है।
मुख्य अतिथि अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण मानव अस्तित्व और सतत विकास की आधारशिला है। उन्होंने प्लास्टिक प्रदूषण को वर्तमान समय की प्रमुख पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक बताते हुए इसके उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। कंपनी के ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस प्रमुख ने प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता एवं उनके घटते भंडार पर चिंता व्यक्त करते हुए ऊर्जा उत्पादन में संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण एवं सुरक्षा विभाग प्रमुख भोला प्रसाद कुशवाहा ने किया। उन्होंने वर्ष 2026 की थीम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पर्यावरण एवं सुरक्षा विभाग की टीम के सदस्यों मुकेश कुमार, इमरान सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में श्री कुशवाहा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

अन्य ख़बरें

कृषि में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता: शिवराज सिंह चौहान

Newsdesk

कोलकाता हाई कोर्ट ने विपक्ष के नेता के रूप में ऋतब्रत बनर्जी की मान्यता पर अंतरिम रोक लगाने से किया इनकार

Newsdesk

गाड़ी पांच मिनट में उठती है, कचरा पांच दिन में क्यों नहीं?

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading