कौमी एकता और सौहार्द के साथ पर्व मनाने का आह्वान,
जबलपुर। हज़रत इमाम हुसैन की याद में मनाए जाने वाले मुहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर मदन महल दरगाह शरीफ़ में मुफ़्ती-ए-आज़म मध्यप्रदेश की इजाज़त से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की सरपरस्ती मुतवल्ली सैय्यद कादिर अली कादरी ने की, जबकि सदारत सज्जादानशीन सूफ़ी मुबारक अली कादरी ने और निज़ामत सज्जादानशीन खलीफा इनायत कादरी ने की।
बैठक का आगाज़ सज्जादानशीन शराफत कादरी ने तिलावत-ए-कुरआन पाक से किया। इस अवसर पर जिला शांति समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं समाजसेवी हाजी मकबूल अहमद रज़वी ने कहा कि हज़रत इमाम हुसैन की शहादत सत्य, न्याय और इंसानियत की रक्षा के लिए दी गई ऐसी महान कुर्बानी है, जो आज भी पूरी दुनिया को अमन, इंसाफ और मानवता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि जबलपुर का मुहर्रम अपनी गंगा-जमुनी तहज़ीब और कौमी एकता के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है। यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर अकीदत के साथ इमाम हुसैन को याद करते हैं। बड़ी संख्या में हिंदू-मुस्लिम मुजावरों द्वारा सवारियां रखी जाना सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की अनूठी मिसाल है ।यौमे आशूरा 10 मुहर्रम को रोज़ा-अफ़्तार का एहतमाम करें और लंगर फेंक कर ना दें जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें ।
बैठक को खादिम-ए-आला सूफ़ी चंगेज़ खान अशरफी, मौलाना चांद कादरी, अकबर खान सरवर, नियाज़ मंसूरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने सभी ताज़िया एवं सवारी कमेटियों से अपील की कि मुहर्रम के दौरान अनुशासन, अदब और तहज़ीब का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का सीमित उपयोग करने तथा जुलूसों और बेड़ों के दौरान किसी भी प्रकार की बेअदबी से बचने की सलाह दी गई।
बैठक में क्षेत्र के नौजवानों ने फैज़ अली के नेतृत्व में प्रशासन से बहोराबाग चौक पर लगाए गए डिवाइडर को मुहर्रम के दौरान अस्थायी रूप से हटाने की मांग की। उनका कहना था कि मुहर्रम के अवसर पर हजारों अकीदतमंद, सवारियां और ताज़िए इसी मार्ग से गुजरते हैं तथा बहोराबाग चौक जुलूस मार्ग का प्रमुख हिस्सा है। वर्तमान में लगा डिवाइडर जुलूसों की आवाजाही में बाधा बन सकता है और भीड़ के दबाव के कारण अव्यवस्था की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। उपस्थित लोगों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।
बैठक में सवारी एवं ताज़िया कमेटियों के पदाधिकारी, मुजावर और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न शर्मा जी, अजय अवस्थी जी, उमेश तिवारी, शरद ताम्रकार (पूर्व पार्षद), इनायत शाह, वरुण बाबा, विक्की बाबा, अन्ना बाबा, अनवर बाबा, सूफ़ी निज़ाम बाबा, नसीर सुल्तानी, गुलफ़ाम बाबा, आनंद रजक, अमित बाबा, हुसैन भाई पेटी, बाबू सलाम बाबा, राजेंद्र कोरी, सलमान बाबा, बाबू बाबा और अज्जू बाबा सहित अनेक लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में सज्जादानशीन निज़ाम कादरी, वारिस कादरी, सैय्यद रोशन कादरी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सभी ने मिलकर मुहर्रम को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और परंपरागत तरीके से मनाने का संकल्प लिया।


