31.1 C
Jabalpur
June 18, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नर्मदा किनारे अवैध रेत खनन पर बड़ा प्रहार: तीन नावें मौके पर तोड़ीं, 13 करोड़ से अधिक का जुर्माना


जबलपुर। नर्मदा नदी से अवैध रेत खनन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चरगवां थाना पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने धरती कछार, भड़पुरा और मूरकटिया घाटों पर दबिश देकर अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही तीन नावों को जब्त किया और मौके पर ही तोड़कर नष्ट कर दिया।
कार्रवाई के दौरान नावों में रेत निकालने के औजार और अन्य सामग्री भी बरामद हुई। अधिकारियों ने नावों को दोबारा उपयोग में न लाए जाने के उद्देश्य से लोहे की रॉड से तोड़ दिया। इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
61 वाहन जब्त, 92 लाख से अधिक जुर्माना वसूला
खनिज विभाग के अनुसार जनवरी 2026 से जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 61 वाहनों को जब्त किया गया है तथा 92.47 लाख रुपये से अधिक का अर्थदंड वसूला जा चुका है। इसके अलावा ई-चेक गेट के माध्यम से 63 संदिग्ध वाहनों को ऑनलाइन नोटिस जारी कर जांच की जा रही है।
अवैध उत्खनन और भंडारण पर 13 करोड़ से अधिक की कार्रवाई
विभाग ने अवैध उत्खनन के छह मामलों में 10.39 करोड़ रुपये से अधिक का अर्थदंड लगाया है। वहीं अवैध भंडारण के तीन मामलों में 3.28 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना किया गया है। इस प्रकार अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े मामलों में अब तक कुल 13 करोड़ रुपये से अधिक की कार्रवाई की जा चुकी है।
पोकलेन, जेसीबी और डंपर भी जब्त
अभियान के दौरान खनन माफियाओं के संसाधनों पर भी शिकंजा कसा गया। अब तक दो पोकलेन मशीनें, चार जेसीबी, चार ट्रैक्टर तथा छह डंपर एवं हाईवा वाहन जब्त किए जा चुके हैं।
घाटों पर बढ़ी निगरानी
खनिज विभाग और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नर्मदा के संवेदनशील घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। रात के समय विशेष गश्त की जा रही है और अवैध खनन की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध रेत खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा।

अन्य ख़बरें

‘लोकतंत्र में कोई संस्था जवाबदेही से ऊपर नहीं’, दिग्विजय सिंह ने प्रियंक खड़गे के सवालों का किया समर्थन

Newsdesk

बिजुरी नगर पालिका का लोक कल्याण शिविर बना जनसेवा का केंद्र, सैकड़ों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

Newsdesk

चित्रकूट धाम से आए 72 वर्षीय बुजुर्ग संत ने 2 घंटे  बिताए मड़फा तालाब सामतपुर में शवासन मुद्रा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading