_नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0′ अभियान के तहत बादलपार और सूकतरा के विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित_
कुरई – मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत थाना कुरई पुलिस ने बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बादलपार एवं सांदीपनी विद्यालय सूकतरा में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में एसडीओपी बरघाट श्री ललित कठरे एवं थाना प्रभारी कुरई श्री कृपाल सिंह टेकाम सहित थाना कुरई के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवा यदि नशे से दूर रहेंगे तो उनका भविष्य उज्ज्वल होगा और वे समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें शराब, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत में फंसा हो या अवैध नशे का कारोबार करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। कार्यक्रम के माध्यम से “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा सभी विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।


