अनूपपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने गुरुवार को सात थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई पदस्थापनाएं की हैं। इसके साथ ही दो उपनिरीक्षकों और एक सहायक उपनिरीक्षक के पूर्व में किए गए स्थानांतरण आदेश में संशोधन कर उन्हें उनके वर्तमान पदस्थापन स्थल पर ही यथावत रखा गया है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक संजय अशोक इक्का को अनूपपुर कोतवाली का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं निरीक्षक राधिका भगत को आजाका थाना अनूपपुर से भालूमाड़ा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। निरीक्षक उमेश उपाध्याय को भालूमाड़ा से कारनपठार थाना, निरीक्षक वीरेंद्र बरकड़े को कारनपठार से राजेंद्रग्राम थाना, निरीक्षक लाल बहादुर तिवारी को अमरकंटक से आजाका थाना तथा निरीक्षक मनिम टोप्पो को बिजुरी थाना से अमरकंटक थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं निरीक्षक प्रकाश चंद्रा कोल को राजेंद्रग्राम से पुलिस लाइन भेजा गया है।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने पूर्व में जारी कुछ स्थानांतरण आदेशों में संशोधन करते हुए उपनिरीक्षक मंगल दुबे का स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें चौकी सरई में ही यथावत रखा है। उपनिरीक्षक सोने सिंह परस्ते को फुनगा में तथा सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति को अनूपपुर कोतवाली में यथावत पदस्थ रहने के आदेश दिए गए हैं।


