22.3 C
Jabalpur
August 31, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीय

पीएम मोदी का उज्बेकिस्तान में भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत, महिलाओं ने बांधी राखी



ताशकंद, 30 अगस्त  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शनिवार को उज्बेकिस्तान में भारतीय समुदाय ने भव्य स्वागत किया। उनके आगमन पर लोगों ने ‘मोदी मोदी’, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। जब प्रधानमंत्री वहां मौजूद भारतीय समुदाय का अभिवादन कर रहे थे, तो कुछ महिलाओं ने पीएम मोदी के हाथ पर राखी भी बांधी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कलाकारों द्वारा पेश की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देखीं। वह बच्चों के नृत्य प्रदर्शन को ध्यान से देखते हुए नजर आए और प्रदर्शन के बाद उन्होंने बच्चों से हाथ भी मिलाया।

वहीं, इस गर्मजोशी भरे स्वागत को लेकर प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “ताशकंद में भारतीय समुदाय के प्यार और स्नेह से मैं बहुत खुश हूं। हमारे प्रवासी भारत और उज्बेकिस्तान के बीच एक पुल हैं, जो हमारे देशों के बीच दोस्ती के संबंधों को मजबूत करते हैं।”

विदेश मंत्रालय ने एक्स पर भारतीय समुदाय से मुलाकत की तस्वीरें साझा कर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ताशकंद में भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। 16,000 से ज्यादा भारतीय छात्रों सहित जीवंत भारतीय समुदाय, भारत और उज्बेकिस्तान के बीच दोस्ती का एक पुल है।”

इससे पहले, पीएम मोदी ने यंगी उज्बेकिस्तान स्मारक का दौरा किया और कहा कि यह उज्बेक लोगों की आकांक्षाओं और प्रगति को दर्शाता है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ताशकंद में उतरने के बाद, राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ यंगी उज्बेकिस्तान स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने गया। यंगी उज्बेकिस्तान स्मारक उज्बेक लोगों की आकांक्षाओं और प्रगति को दर्शाता है। अपनी यात्रा की शुरुआत यहां आकर करने पर खुशी हुई।”

पीएम मोदी के साथ उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव भी थे। दोनों नेताओं ने यंगी उज्बेकिस्तान पार्क में उज्बेक संस्कृति और इतिहास को दर्शाने वाली कलाकृतियों को देखा।

इससे पहले, पीएम मोदी ने मध्य एशियाई देश की अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा शुरू करने के दौरान ताशकंद हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत के लिए राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को धन्यवाद दिया।

ताशकंद में उतरने के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर तस्वीरें साझा कर लिखा, “राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव द्वारा गर्मजोशी से स्वागत के साथ ताशकंद पहुंचा। इस विशेष भाव के लिए उनका आभारी हूं। यह उज्बेकिस्तान की मेरी चौथी यात्रा है, जो हमारे द्विपक्षीय संबंधों की गहराई और बढ़ती गति को दर्शाती है।”

अन्य ख़बरें

भारत और उज्बेकिस्तान के बीच 2030 तक 5 बिलियन डॉलर व्यापार का लक्ष्य: विदेश सचिव

Newsdesk

नेपाल में बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आया डब्ल्यूएचओ, जारी किए 1.5 लाख डॉलर

Newsdesk

‘मैं और मेरा’ नहीं, ‘हम और हमारा’ ही समाधान है : मोहन भागवत

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading