जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया में पारिवारिक विवाद के दौरान हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी नाती के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पनागर पुलिस के अनुसार 28 अगस्त की शाम करीब 7 बजे प्यारेलाल चौधरी (65) गांव में आटा चक्की के पास मौजूद थे। इसी दौरान रिश्ते में उनका नाती अभिषेक चौधरी वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी। आरोप है कि अभिषेक ने प्यारेलाल के साथ मारपीट की, जिसमें उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। चोट लगने के बाद वे मौके पर ही बेहोश हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल वृद्ध को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनागर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल जबलपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान देर रात करीब 1:50 बजे डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से सूचना मिलने पर पनागर पुलिस ने 29 अगस्त को मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में आई गंभीर अंदरूनी चोटों को मौत का कारण बताया गया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक चौधरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 115(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।


