में गौरीघाट, रांझी सहित क्षतिग्रस्त सड़कों का होगा निर्माण
जबलपुर। नागरिकों को सुगम आवागमन, सुरक्षित सड़कें और बेहतर शहर देने के उद्देश्य से नगर निगम ने व्यापक कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ की अध्यक्षता में आयोजित चार घंटे की मैराथन समीक्षा बैठक में सड़क, उद्यान, पौधारोपण और सिटी ब्यूटिफिकेशन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त प्रमुख और आंतरिक सड़कों को आगामी 48 घंटे में चलने योग्य बनाने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद धार्मिक एवं आवासीय दृष्टि से महत्वपूर्ण गौरीघाट, रांझी सहित सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का सात दिन के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
महापौर ने पार्षदों और नगर निगम अध्यक्ष की अनुशंसा से जुड़े जनहितैषी विकास कार्यों को प्राथमिकता से तेज गति से पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि शहर में 11 लाख पौधे लगाने का अभियान जारी है। अब तक 2.54 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। डुमना नेचर पार्क, कठौंदा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन पौधारोपण किया जा रहा है।
बैठक में शहर के 12 प्रमुख चौराहों पर आधुनिक फाउंटेन लगाने के कार्य की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा शहर के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर आकर्षक साज-सज्जा और लैंडस्केपिंग, वार्डों के पार्कों एवं उद्यानों का उन्नयन, पाथवे निर्माण और प्रकाश व्यवस्था के नवीनीकरण की योजना पर भी चर्चा हुई।
महापौर ने कहा कि नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण और समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उद्यान अधिकारी मनीष तड़से सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।


