घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के गांधी चौक में किराना दुकान पर सामान के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार 29 अगस्त की रात अभिषेक श्रीपाल अपनी किराना दुकान पर था। इसी दौरान नितिन साहू, शिवा समुद्रे और राज चौधरी करीब 80 रुपये का खाने-पीने का सामान लेकर चले गए। अभिषेक ने जब सामान के पैसे मांगे तो नितिन ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने अभिषेक से मारपीट की। शिवा और राज ने उसे पकड़ लिया, जबकि नितिन ने चाकू से उसके पेट के बाईं ओर वार कर दिया। गंभीर घायल अभिषेक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे हैदराबाद ओमेगा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रिपोर्ट पर थाना रांझी में अपराध क्रमांक 667/26 के तहत धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपी नितिन साहू (20), निवासी मानेगांव रांझी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चाकू जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार नितिन के विरुद्ध पूर्व में मारपीट और आर्म्स एक्ट के पांच अपराध दर्ज हैं। फरार आरोपी शिवा समुद्रे और राज चौधरी की तलाश जारी है।


