जिला प्रशासन के रक्तदान एवं जागरूकता अभियान को मिल रहा जनसहयोग, जरूरतमंद मरीजों के लिए बढ़ेगा रक्त भंडार
सी टाइम्स सिवनी/घंसौर- सितम्बर। जिला कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशानुसार जिला प्रशासन सिवनी द्वारा जिलेभर में “वृहद रक्तदान एवं जागरूकता अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत बुधवार को घंसौर में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय अधिकारियों-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कुल 30 यूनिट रक्तदान किया।
रक्तदान करने वाले रक्तवीरों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने का माध्यम है। उन्होंने आम नागरिकों से भी स्वस्थ एवं पात्र होने पर नियमित रूप से रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में नागरिक रक्तदान कर चुके हैं। इससे एक ओर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता मजबूत हो रही है, वहीं दूसरी ओर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी भी बढ़ रही है।
घंसौर में आयोजित रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं स्थानीय प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। जिला प्रशासन ने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे आगे आकर रक्तदान करें और अपने आसपास के लोगों को भी इस मानवीय एवं पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करें।
रक्तदान—महादान, एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।


