24.4 C
Jabalpur
September 11, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

कान्हा टाइगर रिजर्व में 14 से 20 सितंबर तक होगा हाथियों का पुनर्यौवन कैंप



सी टाइम्स न्यूज बैहर
             कान्हा टाइगर रिजर्व में विभागीय हाथियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ ही वन एवं वन्यजीव संरक्षण एवं अनुश्रवण के कार्यों में वर्षभर नियमित सहयोग देने वाले हाथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से 14 से 20 सितंबर 2026 तक परिक्षेत्र सुपखार में हाथियों के पुनर्यौवन (रिजुविनेशन) कैंप का आयोजन किया जाएगा।
             कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में वर्तमान में 16 विभागीय हाथी हैं, जिनमें 9 नर, 6 मादा एवं एक नवजात हाथी बच्चा शामिल है। इन हाथियों का उपयोग वन्यजीव संरक्षण, गश्ती, वन्यजीव अनुश्रवण, वन्यजीव ट्रांसलोकेशन तथा विशेष रूप से मानसून के दौरान गश्ती जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाता है।
             पुनर्यौवन कैंप के दौरान हाथियों को नियमित कार्य से अलग वातावरण में पर्याप्त आराम, बेहतर आहार, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आपसी सामाजिक व्यवहार के लिए अनुकूल अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। सभी हाथियों को एक साथ रहने, खाने और विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जो उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होगा। कैंप में हाथियों को विशेष आहार देने के साथ वन्यजीव चिकित्सक द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। हाथियों की मालिश एवं सेवा के साथ उनके रक्त, फीकल एवं मूत्र के नमूने लेकर आवश्यक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। साथ ही सभी हाथियों का शारीरिक माप निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा।
        दैनिक गतिविधियों के तहत हाथियों को प्रातः जंगल से लाकर नहलाया जाएगा तथा उनके शरीर एवं पैरों की मालिश की जाएगी। दोपहर में महावत एवं चाराकटरों के साथ परिचय एवं खेल गतिविधियां कराई जाएंगी। शाम को भोजन कराने के बाद हाथियों को पुनः जंगल में छोड़ा जाएगा।
            कैंप के दौरान हाथियों के साथ कार्य करने वाले महावत एवं चाराकटरों के प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। वरिष्ठ महावतों द्वारा अन्य महावतों एवं चाराकटरों को हाथियों के रखरखाव तथा उन्हें दिए जाने वाले निर्देशों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे हाथियों के बेहतर प्रबंधन के साथ आपात परिस्थितियों में प्रभावी नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी। कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा हाथियों के संरक्षण एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के पुनर्यौवन कैंप का आयोजन लगातार 16 वर्षों से किया जा रहा है।

अन्य ख़बरें

पोलियो को मात देकर हुनर को बनाया सहारा

Newsdesk

कलानिकेतन पॉलिटेक्निक की अनियमितताओं के खिलाफ अभाविप का प्रदर्शन

Newsdesk

कान्हा की छठी पर अन्नपूर्णा मंदिर में भक्ति की बही धारा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading