राजनगर। बनगवां (राजनगर) को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद बनगवां द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर परिषद के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सार्वजनिक स्थानों एवं तालाब परिसर की साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान तालाब परिसर में उगी झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों को हटाया गया। साथ ही नागरिकों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया।
नगर परिषद द्वारा हर सप्ताह स्वच्छता अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही बनगवां को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पीएलबी सुमिता शर्मा द्वारा द्वारा आगामी 12 सितंबर 2026 को जिला न्यायालय अनूपपुर सहित तहसील न्यायालयों कोतमा एवं राजेन्द्रग्राम में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों के साथ-साथ विद्युत चोरी, मोटर दुर्घटना, पारिवारिक, श्रम एवं अन्य संबंधित मामलों का आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों, अधिवक्ताओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे लंबित एवं पूर्ववाद प्रकरणों का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से शीघ्र निराकरण कराकर त्वरित एवं सुलभ न्याय का लाभ उठाएं।
लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण से पक्षकारों के बीच विवाद समाप्त होने के साथ समय एवं धन की भी बचत होती है। नागरिक अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर अथवा संबंधित तहसील विधिक सेवा समिति से संपर्क कर सकते हैं।
अभियान के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखन लाल पनिका, वार्ड क्रमांक 6 की पार्षद सविता कुशवाहा, पत्रकार पंकज पांडे बृजेश साहनी अजीत श्रीवास्तव मनीष सिंह सहित नगर परिषद के कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


