24.4 C
Jabalpur
September 11, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सिवनी में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक

शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर_सी टाइम्स सिवनी(सरवन वर्मा)-पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सिवनी में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक कलेक्टर एवं समिति की अध्यक्ष श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा परिणाम, अधोसंरचना और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान किया गया। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की।

बैठक में कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने, शैक्षणिक स्तर में सुधार तथा आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई। विद्यार्थियों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

समिति के सचिव एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री दीपक कुमार साहू ने बैठक में विभिन्न एजेंडा बिंदुओं को प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। विद्यालय में उपलब्ध तकनीकी एवं शैक्षणिक संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा हुई।

विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कक्षाओं में टच पैनल स्थापित करने तथा पहले से लगे टच पैनल की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा विद्यालय भवन एवं स्टाफ क्वार्टर की रंगाई-पुताई, परिसर में आवागमन सुविधा सहित अन्य अधोसंरचना कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

पीएम श्री योजना के तहत बालिका विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता सामग्री तथा प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए शिक्षण-अधिगम सामग्री उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अभिभावकों एवं शिक्षकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए अभिभावक-शिक्षक संघ के गठन के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अन्य ख़बरें

पोलियो को मात देकर हुनर को बनाया सहारा

Newsdesk

कलानिकेतन पॉलिटेक्निक की अनियमितताओं के खिलाफ अभाविप का प्रदर्शन

Newsdesk

कान्हा की छठी पर अन्नपूर्णा मंदिर में भक्ति की बही धारा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading