23.4 C
Jabalpur
September 11, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

नीम करोली बाबा की जन्मस्थली बनेगी भव्य धाम, यूपी सरकार बनाएगी 13वां पर्यटन सर्किट: मंत्री जयवीर सिंह



लखनऊ, 10 सितंबर (उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को कहा कि बाबा नीम करोली महाराज की जन्मस्थली फिरोजाबाद के अकबरपुर को भव्य धाम के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरकार ने पिछले 3 साल में करोड़ों रुपए आवंटित किए हैं और 2.24 एकड़ जमीन अधिग्रहित कर तीर्थ स्थल बनाने का फैसला लिया है। साथ ही जन्मस्थली, फर्रुखाबाद की तपोस्थली और वृंदावन समाधि स्थल को मिलाकर प्रदेश का 13वां ‘नीम करोली महाराज सर्किट’ बनाया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने नीम करोली महाराज के योगदान को याद करते हुए कहा, “समाज के लिए उनका सादगी, समर्पण और आध्यात्मिकता का संदेश बहुत महत्वपूर्ण है। देश और मानव कल्याण के लिए महाराज जी का बड़ा योगदान है। यह सौभाग्य की बात है कि नीम करोली महाराज की जन्मस्थली फिरोजाबाद के अकबरपुर गांव में है। सरकार पिछले 3 साल से उनकी जन्मस्थली को एक बड़े धाम, पवित्र स्थल और पर्यटक स्थल के रूप में विकसित कर रही है।”

उन्होंने बताया कि इसके लिए लगातार बजट आवंटित किया जा रहा है और पर्यटन सुविधाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और तीर्थ धाम के रूप में विकसित करने के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि साल 2023-24 में बाबा नीम करोली महाराज की जन्मस्थली के विकास के लिए 8 करोड़ 62 लाख 98 हजार रुपए दिए गए। वहीं 2025-26 में 2 करोड़ 22 लाख 47 हजार रुपए आवंटित किए गए। इसके अलावा इस साल भी 8 करोड़ रुपए की परियोजना स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महाराज जी के जन्मस्थान के आसपास की जमीन, जो उपलब्ध नहीं थी, उसे अधिग्रहित करने का फैसला लिया है। सरकार ने 2.24 एकड़ जमीन खरीदने का निर्णय लिया है ताकि इसे बेहतरीन तरीके से धाम और बड़े तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-2, जो दिल्ली से कोलकाता को जोड़ता है, उस कनेक्टिविटी को चार लेन बनाने का प्रस्ताव भी लोक निर्माण विभाग से किया गया है।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि फिरोजाबाद के अकबरपुर में स्थित नीम करोली महाराज की जन्मस्थली के अलावा उनकी तपोस्थली नीम करोली धाम भी है, जो फर्रुखाबाद जिले में संकिसा बौद्ध तीर्थ स्थल के पास स्थित है।

उन्होंने कहा कि जहां सरकार बौद्ध तीर्थ स्थल को विकसित कर रही है, वहीं कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित तपोस्थली को भी विकास योजना में शामिल किया गया है। मान्यता है कि इसी स्थान पर महाराज जी ने ट्रेन रोकने का चमत्कार दिखाया था। इसके अलावा वृंदावन में जहां उन्होंने समाधि ली थी, उस स्थल को भी जोड़ा जा रहा है।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इन तीनों स्थलों; अकबरपुर जन्मस्थली, फर्रुखाबाद तपोस्थली और वृंदावन समाधि स्थल; को मिलाकर सरकार 13वां पर्यटन सर्किट बनाने जा रही है। उत्तर प्रदेश में पहले से 12 टूरिज्म सर्किट हैं और अब इसे 13वें सर्किट के रूप में ‘नीम करोली महाराज सर्किट’ के नाम से शुरू किया जाएगा।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बाबा जी का आध्यात्मिक, धार्मिक और सनातन समाज के लिए बड़ा योगदान है। सरकार का प्रयास है कि उनके सेवाभाव और तीर्थों के माध्यम से उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि उद्देश्य है कि देश और दुनिया भर से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालु, जिनकी बाबा जी के प्रति आस्था है, वे आसानी से उनकी जन्मस्थली, तपोस्थली और अन्य स्थलों के दर्शन कर सकें। लोग वहां आकर श्रद्धा व्यक्त करें और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर खुद को धन्य महसूस कर सकें।

अन्य ख़बरें

हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद एमपी सरकार नर्सिंग छात्रों के नतीजे जल्द जारी करने की दिशा में आगे बढ़ी

Newsdesk

दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को ग्रासरूट लेवल पर हर महीने 2,000 रुपए का प्रोत्साहन मिलेगा: सीएम रेखा गुप्ता

Newsdesk

सीबीआई को मिली बड़ी सफलता, 13 साल से फरार आरोपी हरनेक सिंह का अमेरिका से कराया प्रत्यर्पण

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading